रांची/डेस्क: राजधानी रांची के खेलगांव में एक बार फिर से खेलों का महाकुंभ शुरू होने जा रहा हैं. जिससे खेलगांव 2 नवंबर तक खिलाड़ियों के जोश और जज्बे से गुलजार रहेगा. झारखंड स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा ‘खेलो झारखंड राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 2025’ का आयोजन 10 अक्तूबर यानी कल से हो रहा हैं.
इस प्रतियोगिता में 27 खेल विधाओं को शामिल किया गया है. जिसमें एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, तीरंदाजी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, क्रिकेट जैसे प्रमुख खेल होंगे. इसमें राज्यभर से करीब 10 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे. 100 से ज्यादा शिक्षक और खेल अधिकारी द्वारा आयोजन संचालन का जिम्मा संभाला जाएगा. इसके अलावे भी शिक्षा विभाग को ही राज्य में एसजीएफआई की प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी मिली हुई है.
वहीं, खेलो झारखंड के विजेता खिलाड़ी को राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा. जिसमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता फुटबॉल, तीरंदाजी (इंडियन राउंड), हॉकी, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, कुश्ती, चेस, वुशु, ताइक्वांडो, तैराकी और साइक्लिंग शामिल हैं. जबकि इन खेलों में ओपन ट्रायल गतका, तीरंदाजी (कंपाउंड व रिकर्व), वॉलीबॉल, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, नेटबॉल, बास्केटबॉल, योग, मलखंब, हैंडबॉल, शूटिंग, बैडमिंटन, जूडो, टेबल टेनिस व स्केटिंग भी शामिल हैं. इसमें झारखंड टीम की तरफ से इस प्रतियोगिता के विजेताओं को सीधे राष्ट्रीय स्कूली खेल में भेजा जाएगा.















