झारखंड में त्योहारों के दौरान हिंसा, उपद्रव, संगठित अपराध बर्दाश्त नहीं, सख्त कार्रवाई करें…मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
रांची: झारखंड समाचार: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ महापर्व और राज्य में अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की हिंसा, उपद्रव, संगठित अपराध आदि की घटनाओं को अविलंब रोका जा सकता है। इसके लिए पुख्ता तैयारी रखें। अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी प्रशासनिक तैयारियां बेहतर प्लानिंग के साथ की जाएं।
उक्त निर्देश मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने
आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ महापर्व और अन्य त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि वर्तमान में छोटे शहरों में भी बड़े उत्साह, उमंग और खुशी के साथ त्योहार मनाए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में त्योहारों के दौरान बिजली की समस्या नहीं होनी चाहिए। निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग जल्द बेहतर बैकअप प्लान तैयार करे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अगले 4 महीने विभिन्न त्योहारों का समय है और अधिकारी संवेदनशीलता के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त और सुदृढ़ करने पर जोर दें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों और पर्वों के दौरान बिजली कटौती के दौरान दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। ऐसे में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति के लिए बेहतर बैकअप प्लान तैयार किया जाए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि त्योहार के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। खासकर पूजा पंडालों और आसपास के इलाकों में असामाजिक तत्वों पर निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा पंडालों में गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाए जाएं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। अगर कोई सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रम फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सांप्रदायिक सौहार्द और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए असामाजिक तत्वों और गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अफवाह फैलाने वाले और कानून का उल्लंघन करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन सांप्रदायिक सौहार्द और शांति को बिगाड़ने वाले शरारती और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन त्योहारों के दौरान तेज गति से वाहन चलाने वालों पर भी लगाम लगाए।