2047 तक विकसित भारत के संकल्प की ओर: केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का किया शुभारंभ
रांची। भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने गुरुवार को मोरहाबादी स्थित दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार तथा ICAR अटारी, पटना (जोन-4) के दिशा-निर्देश में आयोजित किया गया।
शुभारंभ अवसर पर श्री सेठ ने कहा कि भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने की दिशा में यह अभियान किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस अभियान के तहत देश भर के 731 कृषि विज्ञान केंद्र, 113 आईसीएआर संस्थान, और 2170 वैज्ञानिक किसानों से सीधा संवाद कर उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी साझा करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत अभियान में प्रयुक्त वाहन को हरी झंडी दिखाकर की गई। इस मौके पर सिल्ली विधायक अमित कुमार ने रांची जिले में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
जिला कृषि पदाधिकारी रमाशंकर प्रसाद ने ‘मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड’ के महत्व और किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी दी। रामकृष्ण मिशन सचिव स्वामी भवेशानंद ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे कृषि लागत कम होगी और मिट्टी का स्वास्थ्य सुधरेगा।
कार्यक्रम में ICAR के वैज्ञानिकों ने धान, लाह और सब्जियों की उन्नत खेती तकनीकों की जानकारी दी। इफ्को के प्रतिनिधि चंदन कुमार ने किसानों को बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग से फसल उत्पादन में 10–15 प्रतिशत तक की वृद्धि संभव है। इस अवसर पर इफ्को द्वारा किसानों के बीच किट का वितरण भी किया गया।