PM Modi News: खराब मौसम भी नहीं डाल सका पीएम मोदी की राह में रोड़ा, अब सड़क मार्ग से जा रहे हैं जमशेदपुर
PM Modi Jamshedpur Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार, 15 सितंबर) झारखंड के दौरे पर हैं। 6 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के अलावा प्रधानमंत्री ने कई अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया। हालांकि, खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री मोदी को रांची एयरपोर्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेनों को हरी झंडी दिखानी पड़ी। इसके बाद पीएम ने ऑनलाइन माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी को रांची से हेलीकॉप्टर के जरिए जमशेदपुर जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण ऐसा नहीं हो सका। हालांकि, अब खबर आ रही है कि पीएम मोदी सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए हैं। यानी खराब मौसम प्रधानमंत्री मोदी को जमशेदपुर जाने से नहीं रोक सका।

जमशेदपुर में पीएम मोदी के 4 कार्यक्रम तय हैं।
भाजपा ने जमशेदपुर के गोपाल मैदान में परिवर्तन संकल्प महारैली का आयोजन किया है। इस रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करने वाले हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीएम मोदी रांची एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना हुए। खराब मौसम के कारण पीएम के हेलीकॉप्टर को रांची से जमशेदपुर जाने की अनुमति नहीं मिली, इसलिए उन्होंने सड़क मार्ग से जमशेदपुर जाने का विकल्प चुना। झारखंड में विधानसभा चुनाव होने से पहले पीएम मोदी लौह नगरी झारखंड पहुंचकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करते नजर आएंगे। मंच पर केंद्रीय कृषि मंत्री व झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, असम के सीएम व झारखंड चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी व पूर्व सीएम चंपई सोरेन मौजूद रहेंगे।
ये सभी गणमान्य लोग मंच पर पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम के लिए रविवार सुबह 9:05 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए सांसद वीडी राम, चंद्र प्रकाश चौधरी, राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, विधायक सीपी सिंह, भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव समेत अन्य मौजूद रहे। हालांकि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रधानमंत्री से मिलने एयरपोर्ट नहीं पहुंचे।
