सड़क निर्माण स्थल पर नक्सलियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, 1 की मौत
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मैक्लुस्कीगंज में गुरुवार दोपहर नक्सलियों ने सड़क निर्माण कंपनी की साइट पर अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मैक्लुस्कीगंज रांची से करीब 70 किलोमीटर दूर है।
करीब डेढ़ महीने पहले 28 मई को माओवादियों ने मैक्लुस्कीगंज-खलारी रोड पर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम कर रही कंपनी के मालवाहक कंटेनर के साथ एक मजदूर को जिंदा जला दिया था।
माना जा रहा है कि नक्सलियों ने लेवी (रंगदारी) की मांग को लेकर हमला किया है। निर्माण कंपनी के मजदूरों के मुताबिक मंगलवार को भी नक्सलियों ने मजदूरों के साथ मारपीट की थी। लेवी दिए बिना काम जारी रखने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसके बाद कंपनी ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
इस घटना के दो दिन बाद गुरुवार की दोपहर नक्सलियों का हथियारबंद दस्ता साइट पर पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे साइट पर भगदड़ मच गई। मजदूर और कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच कंपनी के मुंशी भूपेंद्र यादव को गोली लग गई और वह गिर पड़े। नक्सलियों के जाने के बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए रिम्स रांची भेजा गया। लेकिन, उन्हें बचाया नहीं जा सका।