झारखंड समाचार: चाईबासा में एएसआई ने खुद को गोली मारी, पिछले एक साल में 11 जवानों ने की आत्महत्या
ASI ने खुद को गोली मारी: झारखंड के चाईबासा में बुधवार (2 अक्टूबर) सुबह असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर कृष्णा साओ ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चाईबासा समाचार: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के कराईकेला थाने में बुधवार सुबह असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर कृष्णा साओ ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। थाने से सहकर्मियों द्वारा उन्हें आनन-फानन में कराईकेला के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि सुबह करीब आठ बजे अचानक गोली चलने की आवाज से थाने में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो एएसआई को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया।

रांची: झारखंड में पिछले एक साल में 11 पुलिस,
अर्धसैनिक और सेना के जवानों की या तो आत्महत्या या फिर खुद की बंदूक से गोली लगने से मौत हो चुकी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। 25 जुलाई को चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला ओपी स्थित सीआरपीएफ 22वीं बटालियन कैंप में आशीष कुमार नामक जवान ने खुद को गोली मार ली थी। वह उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर जिले का रहने वाला था। जुलाई के अंतिम सप्ताह में लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के करमडीह पिकेट में तैनात जवान प्रमोद सिंह की खुद की बंदूक से गोली लगने से मौत हो गई थी। 18 जून को बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 8 में सीआईएसएफ जवान संजीत ने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली थी।

31 मई को हजारीबाग डीआईजी आवास पर तैनात
जिला पुलिस के 31 वर्षीय जवान विकास कुमार ने ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली थी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। 6 फरवरी को चतरा में सीआरपीएफ 190 बटालियन कैंप में कैलाश चंद मेहरा नामक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के लोहरी गांव का रहने वाला था। नवंबर 2023 में सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाने में तैनात सत्यजीत कच्छप ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। 24 नवंबर को रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में उत्तराखंड के रहने वाले सेना के जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अक्टूबर 2023 में पाकुड़ में तैनात झारखंड पुलिस के हवलदार ललन पासवान ने आत्महत्या कर ली थी।