विश्वास की किरण ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन सम्पन्न
रातू, रांची 2 अप्रेल 2024। विश्वास की किरण ट्रस्ट द्वारा ग्राम अगड़ू, रातू, जिला रांची में निःशुल्क रामावती वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। उसी परिसर में महिलाओं के स्वावलंबन हेतु निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र प्रारम्भ किया गया। इसका उद्घाटन प्रसिद्ध समाजसेवी सह अधिवक्ता रुणा शुक्ला द्वारा किया गया।
पहले ट्रस्ट की संचालिका किरण पांडे द्वारा उद्घाटनकर्ता रुणा शुक्ला को तिलक लगा कर एवं चुनरी उढ़ा के सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आश्रम और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की संचालिका किरण पांडे ने कहा कि वृद्धाश्रम तो उनका सपना था पर पिछले 15 से भी ज्यादा वर्षों से किया जा रहे महिला स्वावलंबन के तरह-तरह के प्रशिक्षण कार्य भी अनवरत जारी रहेंगे। उद्घाटनकर्ता रुणा शुक्ला ने किरण पांडे के सामाजिक कार्यो की प्रशंसा करते हुए उन्हें तन मन धन से सहायता करने का वचन दिया। रुणा शुक्ला ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों से मुलाकात भी की एवं नए रसोईघर के दरवाजा लगाने हेतु सहयोग राशि भी प्रदान की। मंच संचालन समाजसेवी व आश्रम के संरक्षक गिरिजा शंकर पेड़ीवाल ने किया। इस अवसर पर आश्रम के संरक्षण सिद्धार्थ कुमार,सुनैना सिंह, वैदेही देव, रंगोली गुप्ता, संजीता श्रीवास्तव, किरण मुंडा, किरण सिंह, दुर्गा प्रसाद सहित कई गणमान्य एवं अन्य सहयोगी मौजूद थे।