डॉ. इरफान अंसारी ने चेताया: संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस करेगी पुरजोर विरोध
Report by Sourav Ray
रांची: पूर्व सांसद फुरकान अंसारी के पैतृक गांव सोनारायठाड़ी के नान्हीडीह में आयोजित जय बापू, जय भीम, जय संविधान के तहत विशाल जन सम्मेलन-सह-मिलन समारोह का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया और अपने विचार साझा किए।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखंड कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर , सह प्रभारी बेला प्रसाद, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव कमलेश महतो , पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव , स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप , पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर , पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय , पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज साहू , पूर्व विधायक बादल , पूर्व विधायक अंबा प्रसाद , पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ,सहित अन्य गणमान्य नेता उपस्थित हुए।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को भाजपा की सच्चाई से अवगत कराना और संविधान के प्रति उनके रवैये की पोल खोलना था।
झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने अपने संबोधन में कहा, “अगर प्रधानमंत्री मोदी जी सच में संविधान का सम्मान करते हैं, तो उन्हें तुरंत गृहमंत्री अमित शाह को उनके पद से हटा देना चाहिए। अमित शाह ने जिस प्रकार संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है, उसे भारत कभी माफ नहीं करेगा। भाजपा के नेता न तो महात्मा गांधी को मानते हैं और न ही आजादी के लिए दी गई कुर्बानियों का सम्मान करते हैं। यह कहना कि भारत तभी आजाद हुआ जब राम मंदिर बना, हमारे स्वतंत्रता संग्राम का मजाक है। कांग्रेस इसे जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी।”
सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “मैं आज विधायक और मंत्री हूं तो यह केवल हमारे संविधान के कारण है। भाजपा के संविधान-विरोधी रवैये का मैं पूरी ताकत से विरोध करूंगा। अगर यह लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए, तो कांग्रेस उन्हें करारा जवाब देगी। मैं गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग करता हूं और सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।”
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भाजपा की नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा, “आज का यह विशाल सम्मेलन यह साबित करता है कि जनता भाजपा की तानाशाही और संविधान विरोधी नीतियों से नाराज है। भाजपा देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है, जबकि कांग्रेस प्यार और संविधान की रक्षा के लिए लड़ रही है। अगर आज संविधान नहीं होता तो देश की एकता और अखंडता खंडित हो चुकी होती। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे कांग्रेस के इस आंदोलन का हिस्सा बनें। संविधान को बचाना और बाबा साहब के सपनों का भारत बनाना ही हमारा संकल्प है।”
विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा, “पूरी दुनिया में महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर का डंका बजता है, लेकिन भाजपा उन्हें अपमानित करती है। यह लोग हमारे शहीदों और आजादी के नायकों का मजाक उड़ाते हैं। कांग्रेस इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए हम जनता को भाजपा की सच्चाई दिखा रहे हैं।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव कमलेश महतो जी ने कहा, “भाजपा का संविधान विरोधी रवैया अब और सहन नहीं किया जाएगा। जब तक गृहमंत्री अमित शाह को उनके पद से नहीं हटाया जाता, कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा। हम यह देखना चाहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी कब तक इस पर निर्णय लेते हैं।”
सह प्रभारी श्री बेला प्रसाद ने भाजपा की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा, “इनकी नीतियां संविधान के खिलाफ हैं। भाजपा अपनी विचारधारा को जनता पर थोपना चाहती है, लेकिन कांग्रेस इसे कभी सफल नहीं होने देगी।”
कार्यक्रम के अंत में वनभोज का आयोजन किया गया, जहां सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
इस विशाल कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जनता भाजपा की नीतियों से नाराज है और संविधान को बचाने के लिए एकजुट हो रही है। कांग्रेस पार्टी ने यह आह्वान किया कि हर नेता अपने गांव-मोहल्ले में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा की असलियत और कांग्रेस का संदेश जन-जन तक पहुंचाए।
कांग्रेस पार्टी संविधान बचाने और भाजपा की नीतियों का विरोध करने के लिए हमेशा तैयार है।
