Blog

‘झारखंड विजय’ के लिए भाजपा का मास्टर प्लान तैयार, अमित शाह खुद करेंगे इसकी शुरुआत

झारखंड में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सभी पार्टियां जुटी हुई हैं. इस बार झामुमो से सत्ता छीनने के लिए भाजपा पूरी ताकत से लगी हुई है. पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद झारखंड दौरे पर आने वाले हैं. शाह 20 सितंबर को झारखंड के साहिबगंज का दौरा करने वाले हैं. वे यहां भोगनाडीह से भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे. 21 सितंबर को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी राजमहल विधानसभा के साहिबगंज आएंगे. वे यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे. पार्टी के दोनों दिग्गज नेताओं के आगमन से स्थानीय कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर साहिबगंज में भाजपा जिला कमेटी और प्रदेश कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. बैठक में जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी यादव, राजमहल विधायक अनंत ओझा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए. बता दें कि भाजपा राज्य में परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है।

विधायक अनंत ओझा ने बताया कि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 20 सितंबर को सुबह नौ बजे भोगनाडीह से परिवर्तन संकल्प यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इससे पहले शाह यहां शहीद सिंधो, कान्हू, चांद भैरव और फूलो झानो की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। परिवर्तन संकल्प यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर दो बजे बोरियो में जनसभा को संबोधित करेंगे। यात्रा के दौरान वे सिंधो-कान्हो के वंशजों से भी बातचीत करेंगे। बोरियो में वे पहाड़िया समाज के लोगों से भी बातचीत करेंगे। परिवर्तन यात्रा के दूसरे दिन 21 सितंबर को दोपहर दो बजे साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी से परिवर्तन यात्रा शुरू होगी।

कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा और पूर्व विधायक सीता सोरेन मौजूद रहेंगी।

परिवर्तन संकल्प यात्रा मिर्जाचौकी से शुरू होकर हाजीपुर, कोदरजन्ना, महादेवगंज, गोपालपुल होते हुए साहिबगंज पहुंचेगी। असम के मुख्यमंत्री दोपहर तीन बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे साहिबगंज भाजपा के सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। साहिबगंज के बाद कन्हैया स्थल पर रात्रि आरती में शामिल होंगे। फिर राजमहल परिवर्तन यात्रा मंगलहाट होते हुए पहुंचेगी। यहां एक सभा को भी संबोधित किया जाएगा। राजमहल से यात्रा रात नौ बजे उधवा पहुंचेगी। 22 सितंबर को परिवर्तन यात्रा फिर उधवा से बरहरवा, बरहेट जाएगी। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights