सुनिश्चित करें कि आदिवासी भाषा की पढ़ाई जल्द शुरू हो: सीएम चंपई सोरेन
राज्य सरकार का लक्ष्य समृद्ध जनजातीय भाषाओं को बढ़ावा देना है: सीएम
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने अब सभी सरकारी स्कूलों में जल्द से जल्द जनजातीय भाषा की पढ़ाई शुरू करने पर जोर दिया है. इस संबंध में उन्होंने आज झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के सरकारी स्कूलों में जनजातीय भाषा की पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये.
जनजातीय भाषाओं के विशेषज्ञ शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति करें : सीएम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि झारखंड की समृद्ध स्थानीय जनजातीय भाषाओं को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जनजातीय भाषा की शिक्षा सुनिश्चित की जाये. सीएम चंपई सोरेन ने कहा कि जनजातीय भाषा की पढ़ाई के लिए संताली, हो, कुड़ुख, खड़िया, मुंडारी समेत सभी जनजातीय भाषाओं के विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति जल्द की जाये. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रारंभिक कक्षाओं से ही जनजातीय भाषा की पढ़ाई शुरू हो सके, इसके लिए सारी तैयारी शीघ्र की जाये. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विभाग प्राप्त आकलन के आधार पर सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करें।
इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री दीपक बिरूवा, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के उमा शंकर सिंह एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.